Thursday 3 December 2015

जन्मदिवस: भारत के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद की अनदेखी तस्वीरें और अंजानी बातें

अपने बड़े भाई महेंद्र प्रसाद के साथ डॉ राजेंद्र प्रसाद, उनके बड़े भाई का उनके जीवन में बड़ा योगदान था
डॉ राजेंद्र प्रसाद ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि गोपाल कृष्ण गोखले से मिलने के बाद वे आज़ादी की लड़ाई में शामिल होने के लिए बेचैन हो गए.
राजेंद्र प्रसाद ने ये पत्र रूस के शहर सोची से पोस्टकार्ड पर लिखा था 
 मगर परिवार की ज़िम्मेदारी उनके ऊपर थी. 15-20 दिन तक काफ़ी सोचने समझने के बाद अपने बड़े भाई महेंद्र प्रसाद और पत्नी राजवंशी देवी को भोजपुरी में पत्र लिखकर देश सेवा करने की अनुमति मांगी.
उनका ख़त को पढ़कर उनके बड़े भाई रोने लगे. वे सोचने लगे कि उनको क्या जवाब दें. बड़े भाई से सहमति मिलने पर ही राजेंद्र प्रसाद स्वतंत्रता आंदोलन में उतरे.
बाबू राजेंद्र प्रसाद का जन्म 3 दिसंबर 1884 को बिहार के भोजपुर क्षेत्र में जीरादेई नाम के गाँव में हुआ था जो अब सिवान ज़िले में है.
राजेंद्र प्रसाद और उनकी पत्नी राजवंशी देवी बहुत सादगी से राष्ट्रपति भवन में रहते थे 
13 साल की उम्र में राजेंद्र प्रसाद का विवाह राजवंशी देवी से हो गया. इस समय वे स्कूल में पढ़ रहे थे.
राष्ट्रपति भवन में अंग्रेज़ियत का बोलबाला था जबकि राजवंशी देवी मानती थीं कि 'देश छोड़ो तो छोड़ो मगर अपना वेश मत छोड़ो. अपनी संस्कृति क़ायम रखो'.
महात्मा गांधी राजेंद्र प्रसाद की योग्यता और व्यवहार से काफ़ी प्रभावित हुए थे 
राजेंद्र प्रसाद गांधीजी के मुख्य शिष्यों में से एक थे और उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
डॉ. तारा सिन्हा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद की पोती हैं. उनका कहना है कि डॉ राजेन्द्र प्रसाद ने संविधान की रूप रेखा तैयार की. मगर आज इस बात की चर्चा कहीं नहीं है. डॉ राजेंद्र प्रसाद के सम्मान में भारत में किसी प्रकार का कोई दिवस नहीं मनाया जाता है, ना ही संसार में उनके नाम पर कोई शिक्षण संस्थान ही है.
राजेंद्र प्रसाद अपने खान-पान और रहन-सहन में पूरी तरह से ठेठ भारतीय थे 
रात आठ बजते-बजते वो रात का खाना खा लेते थे. उनका खाना एकदम सादा होता था. फलों में आम उनको बहुत पसंद था. वे जल्दी सोते थे और बहुत सुबह जाग जाते थे.
वक़ालत की पूरी पढ़ाई उन्होंने सुबह उठकर ही की है. इस बात का ज़िक्र उन्होंने अपनी आत्मकथा में भी किया है.
राजेंद्र प्रसाद धार्मिक व्यक्ति थे जो हिंदू रीति-रिवाज़ों का पालन करते थे लेकिन राजनीतिक रूप से पूरी तरह गांधीवादी थे 
 1915 में उन्होंने स्वर्णपदक के साथ लॉ में मास्टर्स की डिग्री हासिल की और बाद में पी एचडी की.
राजेंद्र प्रसाद दमा के मरीज़ थे. दमा उनकी मां को भी था. जुलाई 1961 में राजेंद्र प्रसाद गंभीर रूप से बीमार पड़े थे. डॉक्टरों ने कहा कि अब वो नहीं बचेंगे
राजेंद्र प्रसाद दमे की वजह से काफ़ी परेशान रहते थे, ये पारिवारिक तस्वीर अस्पताल में ली गई थी 
मगर अगस्त 1961 को भयंकर बीमारी के बाद वे ठीक हो गए, राष्ट्रपति का कार्यकाल पूरा होने के बाद वे पटना आए थे.
अस्पताल से घर लौटने पर राजेंद्र प्रसाद की आरती उतारतीं उनकी पोती तारा सिन्हा  उस समय उनको मात्र 1100 रुपये पेंशन मिलती थी. पटना के सदाकत आश्रम में सेवानिवृत होने के बाद अपना जीवन गुज़ारा और 28 फरवरी, 1963 को यहीं उनकी मृत्यु भी हुई.
चीनी प्रधानमंत्री के साथ अनौपचारिक मूड में  राष्ट्रपति भवन में जब कभी विदेशी अतिथि आते तो उनके स्वागत में उनकी आरती की जाती थी और राजेंद्र बाबू चाहते थे कि विदेशी मेहमानों को भारत की संस्कृति की झलक दिखाई जाए.

Saturday 26 September 2015

महाराष्ट्र के 8 मंदिर, जहां गणेश की मूर्तियां खुद प्रकट हुईं

भगवान गणेश हिन्दू धर्म में प्रथम पूजनीय भगवान माने जाते हैं। भगवान गणेश को रिद्धि-सिद्धि और बुद्धि का देवता कहा जाता है। महाराष्ट्र के सबसे बड़े उत्सवों में गणेश उत्सव भी शामिल है। हर साल गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक यह उत्सव मनाया जाता है। महाराष्ट्र की संस्कृति में गणपति का विशेष स्थान है। इस राज्य में भगवान गणेश के कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, जिनमें गणेशजी के अष्टविनायक मंदिर भी शामिल हैं। जिस प्रकार भगवान शिव के12 ज्योतिर्लिंगों का विशेष महत्व है, ठीक उसी प्रकार गणपति उपासना के लिए महाराष्ट्र के अष्टविनायक का विशेष महत्व है।
इन मंदिरों के संबंध में मान्याता है कि यहां विराजित गणेश प्रतिमाएं खुद प्रकट हुई हैं। ये मूर्तियां मानव निर्मित न होकर प्राकृतिक हैं। अष्टविनायक के ये सभी आठ मंदिर बहुत पुराने हैं। इन सभी मंदिरों का उल्लेख कई ग्रंथों में में भी मिलता है। इन आठ गणपति धामों की यात्रा अष्टविनायक तीर्थ यात्रा के नाम से जानी जाती है। इन प्रतिमाओं के प्राप्त होने के क्रम के अनुसार ही अष्टविनायक की यात्रा भी की जाती है। मान्यता है कि इन मंदिरों के दर्शन क्रम अनुसार करना चाहिए। जिन लोगों के लिए अष्टविनायक की यात्रा करना संभव नहीं है, वे इनके चित्रों के दर्शन करके भी पुण्य लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
1. श्री मयूरेश्वर मंदिर
अष्ट विनायक में पहला गणेश मंदिर है श्री मयूरेश्वर मंदिर। गणपतिजी का यह मंदिर पुणे से 80 किलोमीटर दूरी पर मोरगांव नाम की जगह पर है। मयूरेश्वर मंदिर के चारों कोनों में मीनारें हैं और लंबे पत्थरों की दीवारें हैं। यहां चार द्वार हैं। ये चारों दरवाजे चारों युग सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलियुग के प्रतीक हैं। इस मंदिर के द्वार पर शिवजी के वाहन नंदी बैल की मूर्ति स्थापित है, इसका मुंह भगवान गणेश की मूर्ति की ओर है। नंदी की मूर्ति के संबंध में यह मान्यता प्रचलित है कि प्राचीन काल में शिवजी और नंदी इस मंदिर क्षेत्र में विश्राम के लिए रुके थे, लेकिन बाद में नंदी ने यहां से जाने के लिए मना कर दिया। तभी से नंदी यहीं पर हैं। नंदी और मूषक (चूहा) दोनों ही मंदिर के रक्षक के रूप में रहते हैं। मंदिर में गणेशजी बैठी मुद्रा में विराजमान हैं तथा उनकी सूंड बाएं हाथ की ओर है, उनकी चार भुजाएं और तीन नेत्र हैं।
2. सिद्धिविनायक मंदिर
अष्ट विनायक में दूसरा गणेश मंदिर है सिद्धिविनायक मंदिर। यह मंदिर पुणे से करीब 200 किमी दूरी पर है। इस मंदिर के पास ही भीम नदी है। यह मंदिर पुणे के सबसे पुराने मंदिरों में से एक माना जाता है। सिद्धटेक में सिद्धिविनायक मंदिर बहुत ही सिद्ध स्थान है। मान्यता है कि यहीं पर भगवान विष्णु ने सिद्धियां हासिल की थी। सिद्धिविनायक मंदिर एक पहाड़ की चोटी पर बना हुआ है। जिसका मुख्य द्वार उत्तर दिशा की ओर है। मंदिर की परिक्रमा के लिए पहाड़ी की यात्रा करनी होती है। यहां गणेशजी की मूर्ति 3 फीट ऊंची और ढाई फीट चौड़ी है। मूर्ति का मुंह उत्तर दिशा की ओर है। भगवान गणेश की सूंड सीधे हाथ की ओर है।
 
3. श्री बल्लालेश्वर मंदिर
अष्टविनायक में तीसरा मंदिर श्री बल्लालेश्वर मंदिर है। यह मंदिर मुंबई-पुणे हाइवे पर पाली से टोयन में और गोवा राजमार्ग पर नागोथाने से पहले 11किलोमीटर दूरी पर है। इस मंदिर का नाम गणेशजी के भक्त बल्लाल के नाम पर पड़ा है। माना जाता है कि पुराने समय में बल्लाल नाम का एक लड़का था, जो गणेशजी का परमभक्त था। एक दिन उसने पाली गांव में विशेष पूजा का आयोजन किया। पूजन कई दिनों तक चल रहा था, पूजा में शामिल कई बच्चे घर लौटकर नहीं गए और वहीं बैठे रहे। इस कारण उन बच्चों के माता-पिता ने बल्लाल को पीटा और गणेशजी की प्रतिमा के साथ उसे भी जंगल में फेंक दिया। गंभीर हालत में भी बल्लाल गणेशजी के मंत्रों का जप करता रहा। उसकी भक्ति से प्रसन्न होकर गणेशजी ने उसे दर्शन दिए। तब बल्लाल ने गणेशजी से वरदान मांगा कि अब वे इसी स्थान पर निवास करें। गणपति ने उसकी प्रार्थना सुन ली। तभी से गणेशजी बल्लालेश्वर नाम से यहां विराजित हो गए।
4. श्री वरदविनायक मंदिर
अष्ट विनायक में चौथा मंदिर है श्री वरदविनायक मंदिर। यह मंदिर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के कोल्हापुर क्षेत्र में है। महाड़ नाम के एक सुन्दर पर्वतीय गांव में श्री वरदविनायक मंदिर है। यहां प्रचलित मान्यता के अनुसार वरदविनायक भक्तों की सभी कामनाओं को पूरा करते है। इस मंदिर में नंददीप नाम का एक दीपक है, जो कई वर्षों में जल रहा है। कहा जाता है कि वरदविनायक का नाम लेने मात्र से ही सभी मनोकामनां पूर्ण हो सकती हैं।
5. चिंतामणि गणपति मंदिर
अष्टविनायक में पांचवां मंदिर है चिंतामणि गणपति। यह मंदिर पुणे जिले के हवेली क्षेत्र में है। मंदिर के पास ही तीन नदियों भीम, मुला और मुथा का संगम है। इस मंदिर के बारे में मान्यता है कि यदि किसी भक्त का मन बहुत विचलित है और जीवन में दुखों का सामना करना पड़ रहा है तो इस मंदिर में आने पर उसकी सभी समस्याएं दूर हो सकती हैं। ब्रहमाजी ने अपने विचलित मन को वश में करने के लिए इसी स्थान पर तपस्या की थी।
6. श्री गिरजात्मज गणपति मंदिर
अष्टविनायक मंदिरों में छठा मंदिर है श्री गिरजात्मज। यह मंदिर पुणे-नासिक राजमार्ग पर पुणे से करीब 90 किलोमीटर दूरी पर है। क्षेत्र के नारायणगांव से इस मंदिर की दूरी 12 किलोमीटर है। गिरजात्मज का अर्थ है गिरिजा यानी माता पार्वती के पुत्र गणेश। यह मंदिर एक पहाड़ पर बौद्ध गुफाओं के स्थान पर बनाया गया है। यहां लेनयादरी पहाड़ पर 18 बौद्ध गुफाएं हैं और इनमें से 8वीं गुफा में गिरजात्मज विनायक मंदिर है। इन गुफाओं को गणेश गुफा भी कहा जाता है। मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 300 सीढ़ियां चढ़नी होती हैं। यह पूरा मंदिर ही एक बड़े पत्थर को काटकर बनाया गया है।
7. विघ्नेश्वर गणपति मंदिर
अष्टविनायक में सातवें स्थान पर है विघ्नेश्वर गणपति। यह मंदिर पुणे के ओझर जिले में जूनर क्षेत्र में है। यह पुणे-नासिक रोड पर नारायणगावं से जूनर या ओजर होकर करीब 85 किलोमीटर दूरी पर है। कथाओं के अनुसार विघनासुर नामक एक असुर था जो संतों को परेशान करता रहता था। भगवान गणेश ने इसी क्षेत्र में उस असुर का वध किया और सभी को कष्टों से मुक्ति दिलाई थी। तभी से यह मंदिर विघ्नेश्वर, विघ्नहर्ता और विघ्नहार के रूप में जाना जाता है।
8. महागणपति मंदिर
अष्टविनायक मंदिर में आठवां गणेश मंदिर है महागणपति मंदिर। यह मंदिर पुणे के राजणगांव में है। यह पुणे-अहमदनगर राजमार्ग पर 50 किलोमीटर की दूरी पर है। इस मंदिर का इतिहास 9-10वीं सदी के बीच माना जाता है। मंदिर का प्रवेश द्वार पूर्व दिशा की ओर है जो कि बहुत विशाल और सुन्दर है। भगवान गणपति की मूर्ति को माहोतक नाम से भी जाना जाता है। मान्यता के अनुसार, मंदिर की मूल मूर्ति तहखाने की छिपी हुई है। पुराने समय में जब विदेशियों ने यहां आक्रमण किया था तो उनसे मूर्ति बचाने के लिए मूर्ति को तहखाने में छिपा दिया गया था।

Saturday 5 September 2015

TEACHERS DAY: अपने करियर में कभी बच्चों को पढ़ाते थे ये राजनेता

आज देश के पहले उपराष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन है। राजनीति में आने से पहले वह 40 साल तक एक टीचर थे। 1962 से हर साल उनके जन्मदिन (5 सितंबर) को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन शिक्षा के क्षेत्र में अहम योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है। हम  आपको बता रहे है देश के उन राजनेताओं के बारे में, जो राजनीति और संवैधानिक पदों पर बैठने से पहले एक टीचर भी रहे हैं।
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन
5 सितंबर 1888 को चेन्नई से 64 किलोमीटर दूर तिरुत्तनि में भारत के दूसरे राष्ट्रपति और पहले उपराष्ट्रपति का जन्म हुआ था। राजनीति में जाने से पहले वे एक जाने-माने शिक्षाविद् थे। एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाले राधाकृष्णन ने मद्रास प्रेसीडेंसी कॉलेज से बतौर शिक्षक अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा, 'अर्ल ऑफ विलिंगडन' की उपाधि मिलने के बावजूद उन्होंने कभी इसका इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने सदैव 'डॉ.' ही लिखा।

Wednesday 2 September 2015

शास्त्रों से- घर के मंदिर में ध्यान रखनी चाहिए ये 10 बातें

घर में भी देवी-देवताओं के लिए मंदिर बनवाने की परंपरा बहुत ही पुराने समय से चली आ रही है। आज भी काफी लोग इस परंपरा का पालन करते हैं और अपने-अपने घर में मंदिर बनवाते हैं। मंदिर में रोज पूजा करने पर घर का वातावरण पवित्र और सकारात्मक बना रहता है। साथ ही, सभी देवी-देवताओं की कृपा भी प्राप्त होती है। यहां कुछ ऐसी बातें बताई जा रही हैं जो घर के मंदिर ध्यान रखनी चाहिए। यदि इन बातों का ध्यान रखा जाता है तो पूजा का फल जल्दी प्राप्त होता है और लक्ष्मी की कृपा से घर में धन-धान्य की कमी नहीं होती है।
1. घर के मंदिर में ज्यादा बड़ी मूर्तियां नहीं रखनी चााहिए। शास्त्रों के अनुसार बताया गया है कि यदि हम मंदिर में शिवलिंग रखना चाहते हैं तो शिवलिंग हमारे अंगूठे के आकार से बड़ा नहीं होना चाहिए। शिवलिंग बहुत संवेदनशील होता है और इसी वजह से घर के मंदिर में छोटा सा शिवलिंग रखना शुभ होता है। अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां भी छोटे आकार की ही रखनी चाहिए। अधिक बड़ी मूर्तियां बड़े मंदिरों के लिए श्रेष्ठ रहती हैं, लेकिन घर के छोटे मंदिर के छोटे-छोटे आकार की प्रतिमाएं श्रेष्ठ मानी गई हैं।
2. घर में मंदिर ऐसी जगह पर बनाना चाहिए, जहां दिनभर में कभी भी कुछ देर के लिए सूर्य की रोशनी पहुंचती हो। जिन घरों में सूर्य की रोशनी और ताजी हवा आती रहती है, उन घरों के कई दोष दूर हो जाते हैं। सूर्य की रोशनी से वातावरण की नकारात्मक ऊर्जा भी खत्म होती है और वातावरण सकारात्मक बनता है।
3. घर में जहां मंदिर है, वहां चमड़े से बनी चीजें, जूते-चप्पल नहीं ले जाना चाहिए। मंदिर में मृतकों और पूर्वजों के फोटो भी नहीं लगाना चाहिए। पूर्वजों के फोटो लगाने के लिए दक्षिण दिशा क्षेत्र रहती है। घर में दक्षिण दिशा की दीवार पर मृतकों के फोटो लगाए जा सकते हैं, लेकिन ये फोटो मंदिर में नहीं रखना चाहिए। पूजन कक्ष में पूजा से संबंधित सामग्री ही रखना चाहिए। दूसरी चीजें रखने से बचना चाहिए।
4. घर के मंदिर के आसपास शौचालय होना भी अशुभ रहता है। इसीलिए ऐसे स्थान पर पूजन कक्ष बनाएं, जहां आसपास शौचालय न हो। यदि किसी छोटे कमरे में पूजा कक्ष बनाया गया है तो वहां कुछ स्थान खुला होना चाहिए, जहां आसानी से बैठा जा सके।
5. यदि घर में मंदिर है तो हर रोज सुबह और शाम पूजा अवश्य करना चाहिए। पूजा में घंटी अवश्य बजाएं, साथ ही एक बार पूरे घर में घूमकर भी घंटी बजानी चाहिए। ऐसा करने पर घंटी की आवाज से नकारात्मकता नष्ट होती है और सकारात्मकता बढ़ती है। दिन में कम से कम एक बार दीपक अवश्य जलाएं। इससे वास्तु के कई दोष दूर होते हैं।
6. पूजा में बासी फूल, पत्ते नहीं चढ़ाना चाहिए। पूजा के लिए ताजे जल का ही उपयोग करें। इस संबंध में यह बात ध्यान रखने योग्य है कि तुलसी के पत्ते, बिल्व पत्र और गंगाजन लंबे समय तक पवित्र माने जाते हैं, इसीलिए इनका उपयोग कभी भी किया जा सकता है। बाकि पूजन सामग्री ताजी ही उपयोग करनी चाहिए। यदि कोई फूल सूंघा हुआ है या खराब है तो वह भगवान को न चढ़ाएं।
7. रोज रात को सोने से पहले मंदिर को पर्दे से ढंक देना चाहिए। जिस प्रकार हम सोते समय किसी प्रकार का शोर या बाधा पसंद नहीं करते हैं, ठीक उसी भाव से मंदिर पर पर्दा ढंक देना चाहिए ताकि भगवान भी शांति से शयन कर सके।
8. जब भी कोई श्रेष्ठ मुहूर्त रहता है, तब मंदिर के साथ ही पूरे घर में भी गौमूत्र का छिड़काव करना चाहिए। गौमूत्र के छिड़काव से पवित्रता बनी रहती है और वातावरण सकारात्मक हो जाता है। शास्त्रों के अनुसार गौमूत्र बहुत चमत्कारी होता है और इस उपाय घर पर दैवीय शक्तियों की विशेष कृपा होती है। गौमूत्र की गंध से वातावरण के सूक्ष्म कीटाणु भी नष्ट हो जाते हैं।
9. ध्यान रखें घर के मंदिर में पूजा करने वाले व्यक्ति का मुंह पश्चिम दिशा की ओर होगा तो बहुत शुभ रहता है। इसके लिए पूजा स्थल का दरवाजा पूर्व दिशा की ओर होना चाहिए। यदि यह संभव ना हो तो पूजा करते समय व्यक्ति का मुंह पूर्व दिशा में होगा तब भी श्रेष्ठ फल प्राप्त होते हैं। 
10. खंडित मूर्तियों की पूजा वर्जित की गई है। जो भी मूर्ति खंडित हो जाती है, उसे पूजा स्थल से हटा देना चाहिए और किसी पवित्र बहती हुई नदी में प्रवाहित कर देना चाहिए। खंडित मूर्तियों की पूजा अशुभ मानी गई है। इस संबंध में यह बात ध्यान रखने योग्य है कि सिर्फ शिवलिंग कभी भी और किसी भी अवस्था में खंडित नहीं माना जाता है।

Monday 24 August 2015

यहां कभी रावण करता था पूजा, दैत्य गुरू ने 8 हजार साल तक की थी तपस्या

सावन के मौके पर यूं तो हर शिव मंदिर में शिवभक्तों की भीड़ दिखाई देती है, लेकिन बदायूं-शाहजहांपुर के बॉर्डर पर स्थित देवकली मंदिर में भक्‍तों की भीड़ का नजारा देखते ही बनता है। पौराणिक महत्व होने के कारण यहां ज्‍यादा शिवभक्त पहुंचते हैं। इस शिव मंदिर के बारे में कहा जाता है कि यहां कई बार शिवभक्त रावण खुद पूजा करने आ चुका है।

कहा जाता है कि सतयुग के चौथे चरण में दैत्य गुरु शुक्राचार्य इस स्थान पर आए थे। उन्होंने संजीवनी विद्या हासिल करने के लिए यहां तपस्या की थी। सालों तक तपस्या करने के बाद भगवान शिव ने उन्हें दर्शन दिए। भगवान शिव ने शुक्राचार्य से कहा था कि जब वो यहां पर आठ शिवलिंग की स्थापना करेंगे तभी उन्‍हें संजीवनी विद्या प्राप्त होगी।

शुक्राचार्य ने की 8 हजार साल तक तपस्या
पुजारी अखिलेश गिरी गोस्वामी बताते हैं कि अमूमन किसी भी शिवमंदिर में एक शिवलिंग होता है, लेकिन पटना देवकली मंदिर में शुक्राचार्य ने आठ हजार सालों तक तपस्या कर संजीवनी विद्या हासिल की थी। इन आठ हजार सालों में उन्होंने सर्व, रूद्र, उग्र, भीमा, पशुपति, इशा नकशा, महादेव और राम नाम के आठ शिवलिंगों की स्थापना की। पुजारी कहते हैं कि प्राचीन समय में मंदिर के पास से होकर गंगा निकलती थीं। समय के साथ-साथ वो भी विलुप्त होती चली गई। इसे अगहर भी कहते हैं।
खुदाई में निकले राख से भरे हवनकुंड
सरोवरनुमा रह जाने से इसे शुक्र काशी के नाम से जाना जाने लगा। बताया जाता है कि ये झील चर्म रोगियों के लिए वरदान साबित होती थी। करीब दस साल पहले ये लुप्त हो गई। लगभग तीन साल पहले मंदिर का सौंदर्यीकरण कराने के लिए मंदिर की खुदाई की गई थी। खुदाई में करीब 11 फिट नीचे दो हवनकुंड निकले। इसमें राख भरी हुई थी। उस राख को लेने के लिए भक्‍तों की भीड़ लग गई। बाद में डीएम ने अपनी मौजूदगी में राख को बंटवाया था। यही नहीं खुदाई में मिले ईंटों को जब तोड़ा गया, तो उसमे छोटे-छोटे शिवलिंग मिले थे।
मंदिर पर बुरी नजर डालने वाला हो गया तबाह
पुजारी अखिलेश गिरी गोस्वामी ने जब भी मंदिर पर किसी ने बुरी नजर डाली, उस पर संकट जरूर आया है। उन्होंने साल 1969 के एक वाक्‍ये के बारे में बताया कि उस साल एक दबंग व्यक्ति ने मंदिर में डाका डलवाया था। उस व्‍यक्ति को मंदिर के पुजारी के पिता और दादी ने पहचान लिया था। जांच के लिए आए तत्कालीन दरोगा को जब कामयाबी नहीं मिली, तो उन्होंने मंदिर में अर्जी लगा दी। इसके बाद से ही बदमाश परेशान रहने लगा। हालत ये हो गए कि बदमाश की मां ने अपने बेटे की काली करतूत के बारे में सबको खुद बताया।

बंदरों से घिरा रहता है पूरा मंदिर
इस शिव मंदिर में बंदरों की फौज हमेशा रहती है। कभी-कभी ये भक्तों के लिए आफत भी साबित होते हैं। पुजारी अखिलेश कहते हैं कि करीब दस साल पहले यहां बंदरों की फौज इकठ्ठा हुई थी। तब से लेकर आज तक ये यहां से नहीं गए हैं।

 
इस मंदिर में मुस्लिम भी झुकाते हैं सिर
इस मंदिर में सौहार्द भी देखने को मिलता है। पुजारी के मुताबिक, यहां मुस्लिम भी सिर झुकाते हैं। मंदिर के विस्तार के लिए बहुत समय पहले फकीर मोहम्मद शाह ने जमीन मंदिर के लिए दान की थी। इसी के बाद से मुस्लिम यहां अपने बच्चों का मुंडन भी करवाते हैं।
दो दिन पहले से शुरू हो जाती है तैयारियां
पुजारी अखिलेश ने बताया कि सावन के महीने में यहां भक्तों की काफी भीड़ देखने को मिलती है। महाशिवरात्रि पर दो दिन पहले से ही तैयारियां होना शुरू हो जाती हैं। बेल पत्र, धतूरा, बेर आदि की दुकानें लगने लगती हैं। भक्तों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस फोर्स भी तैनात की जाती है। 

भद्रा काल खत्म होने के बाद बांधे राखी, भाइयों को मिलता है शुभ फल

वैदिक काल से श्रावणी पूर्णिमा को भाई-बहन का पावन पर्व रक्षा बंधन मनाया जा रहा है। इस दिन बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है और भाई उनकी रक्षा करने का वचन देता है। वहीं, रक्षा बंधन के दिन भद्रा काल के बाद ही राखी बांधनी चाहिए। इस बार ये भद्रा काल 1 बजकर 50 मिनट पर खत्म हो रहा है। ऐसे में राखी बांधने के लिए इसके बाद का ही समय शुभ है।
पुराणों के अनुसार, सबसे पहले देवगुरु बृहस्पति ने इंद्र को रक्षा सूत्र बांधा था। इसके बाद हर साल इंद्र को इंद्राणी भी रक्षा सूत्र बांधने लगीं। तब से लेकर आज तक ये त्यौहार मनाया जाता है। तभी से ये त्यौहार आज भी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। डॉ. शक्तिधर शर्मा के अनुसार, भद्रा का विचार रक्षा बंधन के समय अवश्य करना चाहिए।
भद्रा काल खत्म होने के बाद बांधे राखी
रक्षा बंधन के दिन भद्रा काल के बाद ही राखी बांधना शुभ होगा। इस बार भद्रा काल 29 अगस्त को 1 बजकर 50 मिनट पर समाप्त हो रहा है। ऐसे में इसके बाद ही भाई को राखी बांधना बेहतर होगा। डॉ. पंडित शक्तिधर शर्मा के अनुसार 'भद्रा' यमराज की बहन है और भद्रा के मुखकाल में भाई की रक्षा के लिए किया गया कार्य शुभ फल प्रदान नहीं करेगा। अच्छा यही होगा कि पुच्छ काल अथवा भद्रा रहित काल में रक्षा बंधन का पर्व मनाया जाए।
पति-पत्नी के लिए था पर्व
डॉ. पंडित शक्तिधर शर्मा (शास्त्री) के मुताबिक, शुरुआत में ये त्यौहार पति-पत्नी के पवित्र प्रेम का बंधन था। युद्ध में जाते समय शची ने इंद्र को और प्रमिला (सुलोचना) ने मेघनाद को रक्षासूत्र बांधा था। मेघनाद की मृत्यु के बाद ये भाई-बहन का पर्व बन गया। ऐसा माना जाता है कि प्रमिला ने भद्रा के मुखकाल में राखी बांधी थी। इस वजह से इसका प्रभाव नहीं हुआ और मेघनाद युद्ध में मारा गया। शुरुआत में राजा बलि को उनकी बहन लक्ष्मी ने रक्षा सूत्र बांधकर विष्णु से मुक्त कराया था।
कर्क राशि में होता है सूर्य
श्रावणी पर्व के दिन गृहस्थी और वानप्रस्थी दोनों को इस दिन किए जाने वाले उपाकर्म और श्रावणी कर्म करने चाहिए। मान्यता है कि इस दिन गोबर, मिट्टी, मुल्तानी मिट्टी, यज्ञ भस्म आदि का लेप करके स्नान करना चाहिए। इससे त्वचा के रोगों का विनाश होता है। डॉ. पंडित शक्तिधर शर्मा ने बताया कि कर्क राशि में सूर्य होने के कारण आसमान में बादल छाए रहते हैं। इस वजह से उसकी किरणें पृथ्वी पर नहीं पहुंचती, जिससे कई तरह की बीमारियां और संक्रमण होने का खतरा रहता है। इनसे बचने के लिए ही श्रावणी कर्म किए जाते हैं।
श्रावणी कर्म करने से खत्म होते हैं रोग
डॉ. शक्तिधर शर्मा कहते हैं कि सनातन धर्म में जितने पर्व हैं, वे इंसान बेहतर स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए है। साथ ही एक-दूसरे में परस्पर प्रेम बनाए रखने के लिए आयोजित किए जाते हैं। इसलिए भविष्य पुराण में बताया गया है कि सभी रोगों का विनाशक है श्रावणी कर्म।
सावन के महीने में किए जाते हैं ये कर्म
1. तत्तद्स्नान
2. सूर्य अराधना
3. प्राणायाम
4. अग्निहोम
5. ब्रह्मर्षि पूजन

भारत के इस आइलैंड पर जाने वाले नहीं लौट पाते हैं वापस



इस आधुनिक जीवन में आज भी कुछ लोग ऐसे हैं जिनके पास न बिजली है, न सड़क है, न इंटरनेट। यहां तक की इनका किसी सिविलाइजेशन से कोई ताल्लुक भी नहीं है। भारत के अधिकार क्षेत्र में आने वाला सेंटिनल आइलैंड एक ऐसी ही जगह है। यहां रहने वाली सेंटिनलीज जनजाति का आधुनिक मानव सभ्यता से कोई लेना-देना नहीं है। बहुत बार इसको आधुनिक समाज से जोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन इस जनजाति के लोग इतने ज्यादा आक्रामक हैं कि वे किसी को अपने पास आने ही नहीं देते।
कुछ मामलों में इक्का-दुक्का लोगों ने उन तक पहुंचने का प्रयास किया तो इन लोगों ने उन्हें मार दिया। एक भागा हुआ कैदी गलती से इस आइलैंड पर पहुंचा तो उसे भी मार दिया। सन् 1981 में एक भटकी हुई नौका इस आइलैंड के करीब पहुंची थी। उसके मेंबर्स ने बताया कि कुछ लोग किनारों पर तीर-कमान और भाले लेकर खड़े थे। हमारी किस्मत अच्छी थी कि हम वहां से निकलने में सफल रहे।
2004 में आए भूकंप और सुनामी के बाद भारत सरकार ने इस आइलैंड की खबर लेने के लिए सेना का एक हेलिकॉप्टर भेजा था। लेकिन यहां के लोगों ने उस पर भी हमला कर दिया। हवाई तस्वीरों से यह साफ होता है कि ये जनजाति खेती नहीं करती, क्योंकि इस पूरे इलाके में अब भी घने जंगल हैं। इससे यह निष्कर्ष निकाला गया कि यह जनजाति शिकार पर निर्भर है। बहुत से लोगों का मानना है कि इस जनजाति तक पहुंच बनाई जानी चाहिए। वहीं, कुछ मानते हैं कि उन्हें अपने हाल पर छोड़ देना ही ठीक है।

वर्ल्ड के 10 लंबे रेलवे प्लैटफॉर्म्स में इंडिया के 6, विकीपीडिया ने जारी की लिस्ट

दुनिया की टॉप वेबसाइट्स में शुमार विकीपीडिया ने वर्ल्ड के टॉप-10 प्लैटफॉर्म्स की लिस्ट जारी की है। इसमें इंडिया के 6 शहरों के प्लैटफॉर्म्स को जगह मिली है। पहले नंबर पर जहां गोरखपुर का रेलवे स्टेशन है तो वहीं दूसरे नंबर पर केरल के कोलम स्टेशन को शामिल किया गया है। तीसरे नंबर पर भी इंडिया का ही कब्जा है। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्टेशन को विकीपीडिया ने तीसरे पायदान पर रखा है। पांचवें नंबर पर छत्तीसगढ़ का बिलासपुर स्टेशन है। वहीं, सातवें नंबर पर झांसी रेलवे प्लैटफॉर्म को चुना गया है और दसवें नंबर पर बिहार का सोनपुर रेलवे प्लैटफॉर्म है।
टॉप-10 लिस्ट में शुमार इंडिया के रेलवे प्लैटफॉर्म्स
रेलवे प्लैटफॉर्म लंबाई
गोरखपुर 4483 फीट ( 1366.33 मीटर)
कोलम 3873 फीट (1180.5 मीटर)
खड़गपुर 3518 फीट (1072.5 मीटर)
बिलासपुर 2631 फीट ( 802 मीटर)
झांसी 2526 फीट (770 मीटर)
सोनपुर 2421 फीट (738 मीटर)

यूएस, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के भी प्लैटफॉर्म्स शामिल
विकीपीडिया द्वारा जारी की गई लिस्ट में इंडिया के इन 6 लंबे रेलवे प्लैटफॉर्म्स के अलावा चार प्लैटफॉर्म्स यूएस, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के हैं। यूएस के शिकागो का स्ट्रेट स्ट्रीट सब-वे रेलवे प्लैटफॉर्म चौथे नंबर पर है। इसकी लंबाई 3501 फीट (1067 मीटर) है। वहीं छठे नंबर पर ब्रिटेन के सेरेटन का शटल टर्मिनल फोकस्टोन है। इसकी लंबाई 2595 फीट ( 791 मीटर) है। इसे यूरोप का सबसे लंबा स्टेशन घोषित किया जा चुका है। आठवें नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पर्थ का ईस्ट पर्थ रेलवे स्टेशन है। ये 2526 फीट (770 मीटर) लंबा है। इसे ऑस्ट्रेलिया का सबसे लंबा स्टेशन माना जाता है। वहीं नौवें नंबर पर वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया का कैलगूर्ली रेलवे प्लैटफॉर्म है। ये 2493 फीट (760 मीटर) लंबा है।

Wednesday 22 July 2015

आज भी राज ही बनी हैं ये 10 रहस्यमयी पहेलियां!

दुनियाभर में बहुत सारी जगहें ऐसी जो रहस्यों से भरी पड़ी हैं, जिस पर से कोई पर्दा उठा ही नहीं पाया। हालांकि ऐसे लोगों की भी कमी नहीं हैं जो अंधविश्वास और आंखें मूंदकर रहस्यों पर विश्वास कर लेते हैं। भारत में भी ऐसी बहुत सारे रहस्यमयी जगहें है जो सिर्फ रहस्य बन कर ही रह गई हैं।
यहां हम कुछ ऐसे रहस्यों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके बारे में जानने के बाद आपको उन पर यकीन करना मुश्किल हो जाएगा।
1.एक जुड़वांओं का गांव
भारत गांव का देश कहा जाता है। वहीं केरल के कोडिन्ही गांव में सबसे ज़्यादा जुड़वां लोग बसते हैं। यहां लगभग 2000 परिवार रहते हैं उनमें से 250 जुड़वां हैं। यहां लगातार गांव में जुड़वां बच्चे पैदा होते चले जा रहे हैं। अभी तक इसके पीछे कोई वाजिब कारण सामने नहीं आया।
2. जोधपुर धमाका
18 दिसंबर 2012 के दिन जोधपुर के लोगों को एक धमाका सुनाई दिया। इसकी आवाज़ इतनी तेज़ थी कि मानो कान फट जाए। लोगों ने सोचा कि शायद आसमान में कोई जहाज टकरा गया है, लेकिन देखने पर ऐसा कुछ नहीं था। आसमान खाली था। वो धमाका आज भी रहस्य की एक वजह बना हुआ है।
3.नौ अज्ञात पुरुष (The Nine Unknown Men)
वैसे ये रहस्य पश्चिम देशों से आया था। लोगों का मानना है कि ये शक्तिशाली रहस्य सम्राट अशोक के समय में भारत आया। जब सम्राट अशोक का युद्ध चल रहा था तो इनका काम (Nine Unknown Men) सारी रहस्यों को महफ़ूज़ रखना था। इनके पास एक ज्ञान की किताब हुआ करती थी लेकिन इसमें से कुछ बातें लीक हो गईं। और कहा जाता है कि जुडो इसी किताब की देन है।
4.ताज महल का रहस्य
 मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी बेग़म मुमताज के लिए ताज महल बनवाया था इसलिए उसे ताजमहल कहा जाता है लेकिन दिल्ली के प्रोफेसर पी.एन. ऑक का कहना है कि दरअसल ताज महल एक शिव मंदिर था जिसका नाम तेजू महोलिया हुआ करता था। अगर ये सच है तो इतिहास की किताबों से बहुत सारी बातें मिट जाएगी और कुछ नई जानकारियां जुड़ जाएगी।
5.एक शापित गांव (कुलधारा)
500 साल पहले इस गांव की आबादी लगभग 1500 हुआ करती थी लेकिन एक रात सब लोग अचानक कहीं गायब हो गए। सब का सब वैसे का वैसा छोड़कर। लोगों का कहना है कि यहां एक लड़का-लड़की आपस में प्यार करते थे लेकिन लड़की के गुस्सैल पिता ने लड़के को मार दिया। उसके बाद से ही कहा जाता है कि इस गांव में कोई नहीं बस सका। लोगों का कहना है कि यहां बहुत सी खतरनाक घटनाएं घटती रहती हैं।
6. मैगनेटिक हिल (The Magnetic Hill)
हिमालय की पहाड़ियों के पास और लद्दाख की वादियों में एक ऐसी जगह है, जहां अगर आपने गाड़ी खड़ी कर दी तो वो अपने आप ही पीछे को खिंची चली आती है। लोग इसे हिमालय का जादू कहकर बुलाते हैं।
7.हिमालय में रहने वाले अमर लोग लोगों का मानना है कि बहुत से साधु-महात्मा हिमालय में जाकर तपस्या कर रहे हैं और जो उसे सिद्ध कर लेता है, उसे अमर होने से कोई नहीं रोक सकता। अभी तक ये रहस्य बना हुआ है कि कितने लोगों के ज्ञानचक्षु खुल चुके हैं और वो अमरता की राह को पा चुके हैं।
8.एक भूत बिल्ली
इसका आतंक एक बार पूना के आस-पास छाया था। लोग रात को डरने लग गए थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसकी काली-काली आंखें बड़ी ही डरावनी थीं और उसकी छलांग तो बहुत ही लंबी थी हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि ये एक अफ़वाह थी लेकिन रहस्य अभी भी बना हुआ है।
9.The Kongka La Pass UFO Base
भारत और चीन के बोर्डर पर ये पास है। दोनों देशों के बीच टकराव की वजह कभी ये क्षेत्र भी रह चुका है लेकिन UFO ने अपना बेस बनाने के लिए इस जगह को चुना. ऐसा कुछ लोगों का कहना है, कि यहां कोई आम आदमी नहीं जा सकता इसीलिए स्थानीय लोगों को शक है कि कहीं ये सच न हो।
10.शांति देवी
इनका जन्म 1930 को दिल्ली के एक परिवार में हुआ। 4 साल की उम्र में वो अपने माता-पिता को अपने असली मम्मी-पापा मानने से इनकार करने लगी और कहने लगी कि उसका असली नाम लुग्डी है। वो पिछले जन्म में डिलीवरी के दौरान मर गई थी। जब उनके मम्मी-पापा ने बात की जांच करवाई तो सब हैरान रह गए। वो सब सच था।

Saturday 4 July 2015

D'Anniv: एक वेश्या ने कराया था विवेकानंद को संन्यासी होने का अहसास

स्वामी विवेकानंद की आज 113वीं पुण्यतिथि है। स्वामी जी ने शिकागो की धर्म संसद में भाषण देकर दुनिया को ये एहसास कराया कि भारत विश्व गुरु है। अमेरिका जाने से पहले स्वामी विवेकानंद जयपुर के एक महाराजा के महल में रुके थे। यहां एक वेश्या ने उन्हें एहसास कराया कि वह एक संन्यासी हैं।
स्वामी के स्वागत को बुलाई गई थी वेश्या
राजा विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस का भक्त था। विवेकानंद के स्वागत के लिए राजा ने एक भव्य आयोजन किया। इसमें वेश्याओं को भी बुलाया गया। शायद राजा यह भूल गया कि वेश्याओं के जरिए एक संन्यासी का स्वागत करना ठीक नहीं है। विवेकानंद उस वक्त अपरिपक्‍व थे। वे अभी पूरे संन्‍यासी नहीं बने थे। वह अपनी कामवासना और हर चीज दबा रहे थे। जब उन्‍होंने वेश्‍याओं को देखा तो अपना कमरा बंद कर लिया। जब महाराजा को गलती का अहसास हुआ तो उन्होंने विवेकानंद से माफी मांगी।
कमरे में बंद हो गए थे स्वामी जी
महाराजा ने कहा कि उन्होंने वेश्या को इसके पैसे दे दिए हैं, लेकिन ये देश की सबसे बड़ी वेश्या है, अगर इसे ऐसे चले जाने को कहेंगे तो उसका अपमान होगा। आप कृपा करके बाहर आएं। विवेकानंद कमरे से बाहर आने में डर रहे थे। इतने में वेश्या ने गाना गाना शुरू किया, फिर उसने एक सन्यासी गीत गाया। गीत बहुत सुंदर था। गीत का अर्थ था- ''मुझे मालूम है कि मैं तुम्‍हारे योग्‍य नहीं, तो भी तुम तो जरा ज्‍यादा करूणामय हो सकते थे। मैं राह की धूल सही, यह मालूम मुझे। लेकिन तुम्‍हें तो मेरे प्रति इतना विरोधात्‍मक नहीं होना चाहिए। मैं कुछ नहीं हूं। मैं कुछ नहीं हूं। मैं अज्ञानी हूं। एक पापी हूं। पर तुम तो पवित्र आत्‍मा हो। तो क्‍यों मुझसे भयभीत हो तुम?''
डायरी में लिखा था- मैं हार गया हूं
विवेकानंद ने अपने कमरे इस गीत को सुना, वेश्‍या रोते हुए गा रही थी। उन्होंने उसकी स्थिति का अनुभव किया और सोचा कि वो क्या कर रहे हैं। विवेकानंद से रहा नहीं गया और उन्होंने कमरे का गेट खोल दिया। विवेकानंद एक वेश्या से पराजित हो गए। वो बाहर आकर बैठ गए। फिर उन्होंने डायरी में लिखा, ''ईश्‍वर से एक नया प्रकाश मिला है मुझे। डरा हुआ था मैं। जरूर कोई लालसा रही होगी मेरे भीतर। इसीलिए डर गया मैं। किंतु उस औरत ने मुझे पूरी तरह हरा दिया। मैंने कभी नहीं देखी ऐसी विशुद्ध आत्‍मा।'' उस रात उन्‍होंने अपनी डायरी में लिखा, ''अब मैं उस औरत के साथ बिस्‍तर में सो भी सकता था और कोई डर नहीं होता।''
सीख- इस घटना से विवेकानंद को तटस्थ रहने का ज्ञान मिला, आपका मन दुर्बल और निसहाय है। इसलिए कोई दृष्‍टि कोण पहले से तय मत करो।
सत्य का साथ कभी मत छोड़ो
प्रसंग- स्वामी विवेकानंद एक मेधावी छात्र थे। उनके सभी साथी स्वामी जी की पर्सनेलिटी के कायल थे। जब भी वह साथियों को कुछ सुनाते, सब बड़े ध्यान से उन्हें सुनते थे। एक दिन स्कूल की क्लास में वह साथियों को कहानी सुना रहे थे। तभी मास्टर जी क्लास में आ गए और किसी तो पता भी नहीं चला। मास्टर जी गुस्से में आ गए और स्टूडेंट्स से सवाल करने लगे। पूरी क्लास में सिर्फ विवेकानंद ने ही सवाल का सही उत्तर दिया। टीचर ने स्वामी जी को छोड़कर बाकी स्टूडेंट्स को बेंच पर खड़ा कर दिया। स्वामी जी जानते थे कि मेरे कारण ही साथियों को सजा मिल रही है। वह सही उत्तर देने के बाद भी बेंच पर खड़े हो गए। उन्होंने टीचर से कहा, ''मैं खुद ही अपने सभी साथियों को कहानी सुना रहा था। सजा मुझे भी मिलनी चाहिए।''
सीख- किसी भी स्थिति में सत्य का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। सत्य में वह ताकत है जिससे किसी का भी दिल जीता जा सकता है
 केवल लक्ष्य पर ध्यान लगाओ
प्रसंग- स्वामी विवेकानंद अमेरिका में एक पुल से गुजर रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि कुछ लड़के नदी में तैर रहे अंडे के छिलकों पर बन्दूक से निशाना लगा रहे थे। किसी भी लड़के का एक भी निशाना सही नहीं लग रहा था। स्वामी जी ने खुद बन्दूक संभाली और निशाना लगाने लगे। उन्होंने एक के बाद एक 12 सटीक निशाने लगाए। सभी लड़के दंग रह गए और उनसे पुछा- स्वामी जी, आप ये सब कैसे कर लेते हैं? इस पर स्वामी विवेकानंद ने कहा, ''जो भी काम करो अपना पूरा ध्यान उसी में लगाओ।''
सीख- जो काम करो, उसी में अपना पूरा ध्यान लगाओ। लक्ष्य बनाओ और उन्हें पाने के लिए प्रयास करो। सफलता हमेशा तुम्हारे कदम चूमेगी। 
 
मुसीबत से डर कर भागो मत, उसका सामना करो
प्रसंग- स्वामी विवेकनन्द एक बार बनारस में मां दुर्गा के मंदिर से लौट रहे थे, तभी बंदरों के एक झुंड ने उन्हें घेर लिया। बंदरों ने उनसे प्रसाद छिनने कोशिश की, स्वामी जी डर के मारे भागने लगे। इसके बाद भी बंदरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। तभी पास खड़े एक बुजुर्ग सन्यासी ने विवेकानंद से कहा- रुको! डरो मत, उनका सामना करो और देखो क्या होता है। संन्यासी की बात मानकर वह फौरन पलटे और बंदरों की तरफ बढ़ने लगे। इसके बाद सभी बंदर एक-एक कर वहां से भाग निकले।
सीख- इस घटना से स्वामी जी को एक गंभीर सीख मिली। अगर तुम किसी चीज से डर गए हो, तो उससे भागो मत, पलटो और सामना करो। 
हमेशा महिलाओं का सम्मान करें
प्रसंग- एक बार एक विदेशी महिला स्वामी विवेकानंद के पास आकर बोली- मैं आपसे शादी करना चाहती हूं। विवेकानंद बोले- मुझसे ही क्यों? क्या आप जानती नहीं कि मैं एक संन्यासी हूं? महिला ने कहा, ''मैं आपके जैसा गौरवशाली, सुशील और तेजस्वी बेटा चाहती हूं और यह तभी संभव होगा। जब आप मुझसे शादी करें।'' स्वामी जी ने महिला से कहा, ''हमारी शादी तो संभव नहीं है, लेकिन एक उपाय जरूर है। मैं ही आपका पुत्र बन जाता हूं। आज से आप मेरी मां बन जाओ। आपको मेरे जैसा ही एक बेटा मिल जाएगा।'' इतना सुनते ही महिला स्वामी जी के पैरों में गिर गई और मांफी मांगने लगी।
सीख- एक सच्चा पुरूष वह है जो हर महिला के लिए अपने अंदर मातृत्व की भावना पैदा कर सके और महिलाओं का सम्मान कर सके। 
मां से बढ़कर कोई नहीं
प्रसंग- मां की महिमा जानने के लिए एक आदमी स्वामी विवेकानंद के पास आया। इसके लिए स्वामी जी ने आदमी से कहा, ''5 किलो का एक पत्थर कपड़े में लपेटकर पेट पर बांध लो और 24 घंटे बाद मेरे पास आना, तुम्हारे हर सवाल का उत्तर दूंगा।'' दिनभर पत्थर बांधकर वह आदमी घूमता रहा, थक-हारकर स्वामी जी के पास पंहुचा और बोला- मैं इस पत्थर का बोझ ज्यादा देर तक सहन नहीं कर सकता हूं। स्वामी जी मुस्कुराते हुए बोले, ''पेट पर बंधे इस पत्थर का बोझ तुमसे सहन नहीं होता। एक मां अपने पेट में पलने वाले बच्चे को पूरे नौ महीने तक ढ़ोती है और घर का सारा काम भी करती है। दूसरी घटना में स्वामी जी शिकागो धर्म संसद से लौटे तो जहाज से उतरते ही रेत से लिपटकर रोने गले थे। वह भारत की धरती को अपनी मां समझते थे और लिपटकर खूब रोए थे।
सीख- संसार में मां के सिवा कोई इतना धैर्यवान और सहनशील नहीं है। इसलिए मां से बढ़ कर इस दुनिया में कोई और नहीं है।