Wednesday, 22 July 2015

आज भी राज ही बनी हैं ये 10 रहस्यमयी पहेलियां!

दुनियाभर में बहुत सारी जगहें ऐसी जो रहस्यों से भरी पड़ी हैं, जिस पर से कोई पर्दा उठा ही नहीं पाया। हालांकि ऐसे लोगों की भी कमी नहीं हैं जो अंधविश्वास और आंखें मूंदकर रहस्यों पर विश्वास कर लेते हैं। भारत में भी ऐसी बहुत सारे रहस्यमयी जगहें है जो सिर्फ रहस्य बन कर ही रह गई हैं।
यहां हम कुछ ऐसे रहस्यों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके बारे में जानने के बाद आपको उन पर यकीन करना मुश्किल हो जाएगा।
1.एक जुड़वांओं का गांव
भारत गांव का देश कहा जाता है। वहीं केरल के कोडिन्ही गांव में सबसे ज़्यादा जुड़वां लोग बसते हैं। यहां लगभग 2000 परिवार रहते हैं उनमें से 250 जुड़वां हैं। यहां लगातार गांव में जुड़वां बच्चे पैदा होते चले जा रहे हैं। अभी तक इसके पीछे कोई वाजिब कारण सामने नहीं आया।
2. जोधपुर धमाका
18 दिसंबर 2012 के दिन जोधपुर के लोगों को एक धमाका सुनाई दिया। इसकी आवाज़ इतनी तेज़ थी कि मानो कान फट जाए। लोगों ने सोचा कि शायद आसमान में कोई जहाज टकरा गया है, लेकिन देखने पर ऐसा कुछ नहीं था। आसमान खाली था। वो धमाका आज भी रहस्य की एक वजह बना हुआ है।
3.नौ अज्ञात पुरुष (The Nine Unknown Men)
वैसे ये रहस्य पश्चिम देशों से आया था। लोगों का मानना है कि ये शक्तिशाली रहस्य सम्राट अशोक के समय में भारत आया। जब सम्राट अशोक का युद्ध चल रहा था तो इनका काम (Nine Unknown Men) सारी रहस्यों को महफ़ूज़ रखना था। इनके पास एक ज्ञान की किताब हुआ करती थी लेकिन इसमें से कुछ बातें लीक हो गईं। और कहा जाता है कि जुडो इसी किताब की देन है।
4.ताज महल का रहस्य
 मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी बेग़म मुमताज के लिए ताज महल बनवाया था इसलिए उसे ताजमहल कहा जाता है लेकिन दिल्ली के प्रोफेसर पी.एन. ऑक का कहना है कि दरअसल ताज महल एक शिव मंदिर था जिसका नाम तेजू महोलिया हुआ करता था। अगर ये सच है तो इतिहास की किताबों से बहुत सारी बातें मिट जाएगी और कुछ नई जानकारियां जुड़ जाएगी।
5.एक शापित गांव (कुलधारा)
500 साल पहले इस गांव की आबादी लगभग 1500 हुआ करती थी लेकिन एक रात सब लोग अचानक कहीं गायब हो गए। सब का सब वैसे का वैसा छोड़कर। लोगों का कहना है कि यहां एक लड़का-लड़की आपस में प्यार करते थे लेकिन लड़की के गुस्सैल पिता ने लड़के को मार दिया। उसके बाद से ही कहा जाता है कि इस गांव में कोई नहीं बस सका। लोगों का कहना है कि यहां बहुत सी खतरनाक घटनाएं घटती रहती हैं।
6. मैगनेटिक हिल (The Magnetic Hill)
हिमालय की पहाड़ियों के पास और लद्दाख की वादियों में एक ऐसी जगह है, जहां अगर आपने गाड़ी खड़ी कर दी तो वो अपने आप ही पीछे को खिंची चली आती है। लोग इसे हिमालय का जादू कहकर बुलाते हैं।
7.हिमालय में रहने वाले अमर लोग लोगों का मानना है कि बहुत से साधु-महात्मा हिमालय में जाकर तपस्या कर रहे हैं और जो उसे सिद्ध कर लेता है, उसे अमर होने से कोई नहीं रोक सकता। अभी तक ये रहस्य बना हुआ है कि कितने लोगों के ज्ञानचक्षु खुल चुके हैं और वो अमरता की राह को पा चुके हैं।
8.एक भूत बिल्ली
इसका आतंक एक बार पूना के आस-पास छाया था। लोग रात को डरने लग गए थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसकी काली-काली आंखें बड़ी ही डरावनी थीं और उसकी छलांग तो बहुत ही लंबी थी हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि ये एक अफ़वाह थी लेकिन रहस्य अभी भी बना हुआ है।
9.The Kongka La Pass UFO Base
भारत और चीन के बोर्डर पर ये पास है। दोनों देशों के बीच टकराव की वजह कभी ये क्षेत्र भी रह चुका है लेकिन UFO ने अपना बेस बनाने के लिए इस जगह को चुना. ऐसा कुछ लोगों का कहना है, कि यहां कोई आम आदमी नहीं जा सकता इसीलिए स्थानीय लोगों को शक है कि कहीं ये सच न हो।
10.शांति देवी
इनका जन्म 1930 को दिल्ली के एक परिवार में हुआ। 4 साल की उम्र में वो अपने माता-पिता को अपने असली मम्मी-पापा मानने से इनकार करने लगी और कहने लगी कि उसका असली नाम लुग्डी है। वो पिछले जन्म में डिलीवरी के दौरान मर गई थी। जब उनके मम्मी-पापा ने बात की जांच करवाई तो सब हैरान रह गए। वो सब सच था।

Saturday, 4 July 2015

D'Anniv: एक वेश्या ने कराया था विवेकानंद को संन्यासी होने का अहसास

स्वामी विवेकानंद की आज 113वीं पुण्यतिथि है। स्वामी जी ने शिकागो की धर्म संसद में भाषण देकर दुनिया को ये एहसास कराया कि भारत विश्व गुरु है। अमेरिका जाने से पहले स्वामी विवेकानंद जयपुर के एक महाराजा के महल में रुके थे। यहां एक वेश्या ने उन्हें एहसास कराया कि वह एक संन्यासी हैं।
स्वामी के स्वागत को बुलाई गई थी वेश्या
राजा विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस का भक्त था। विवेकानंद के स्वागत के लिए राजा ने एक भव्य आयोजन किया। इसमें वेश्याओं को भी बुलाया गया। शायद राजा यह भूल गया कि वेश्याओं के जरिए एक संन्यासी का स्वागत करना ठीक नहीं है। विवेकानंद उस वक्त अपरिपक्‍व थे। वे अभी पूरे संन्‍यासी नहीं बने थे। वह अपनी कामवासना और हर चीज दबा रहे थे। जब उन्‍होंने वेश्‍याओं को देखा तो अपना कमरा बंद कर लिया। जब महाराजा को गलती का अहसास हुआ तो उन्होंने विवेकानंद से माफी मांगी।
कमरे में बंद हो गए थे स्वामी जी
महाराजा ने कहा कि उन्होंने वेश्या को इसके पैसे दे दिए हैं, लेकिन ये देश की सबसे बड़ी वेश्या है, अगर इसे ऐसे चले जाने को कहेंगे तो उसका अपमान होगा। आप कृपा करके बाहर आएं। विवेकानंद कमरे से बाहर आने में डर रहे थे। इतने में वेश्या ने गाना गाना शुरू किया, फिर उसने एक सन्यासी गीत गाया। गीत बहुत सुंदर था। गीत का अर्थ था- ''मुझे मालूम है कि मैं तुम्‍हारे योग्‍य नहीं, तो भी तुम तो जरा ज्‍यादा करूणामय हो सकते थे। मैं राह की धूल सही, यह मालूम मुझे। लेकिन तुम्‍हें तो मेरे प्रति इतना विरोधात्‍मक नहीं होना चाहिए। मैं कुछ नहीं हूं। मैं कुछ नहीं हूं। मैं अज्ञानी हूं। एक पापी हूं। पर तुम तो पवित्र आत्‍मा हो। तो क्‍यों मुझसे भयभीत हो तुम?''
डायरी में लिखा था- मैं हार गया हूं
विवेकानंद ने अपने कमरे इस गीत को सुना, वेश्‍या रोते हुए गा रही थी। उन्होंने उसकी स्थिति का अनुभव किया और सोचा कि वो क्या कर रहे हैं। विवेकानंद से रहा नहीं गया और उन्होंने कमरे का गेट खोल दिया। विवेकानंद एक वेश्या से पराजित हो गए। वो बाहर आकर बैठ गए। फिर उन्होंने डायरी में लिखा, ''ईश्‍वर से एक नया प्रकाश मिला है मुझे। डरा हुआ था मैं। जरूर कोई लालसा रही होगी मेरे भीतर। इसीलिए डर गया मैं। किंतु उस औरत ने मुझे पूरी तरह हरा दिया। मैंने कभी नहीं देखी ऐसी विशुद्ध आत्‍मा।'' उस रात उन्‍होंने अपनी डायरी में लिखा, ''अब मैं उस औरत के साथ बिस्‍तर में सो भी सकता था और कोई डर नहीं होता।''
सीख- इस घटना से विवेकानंद को तटस्थ रहने का ज्ञान मिला, आपका मन दुर्बल और निसहाय है। इसलिए कोई दृष्‍टि कोण पहले से तय मत करो।
सत्य का साथ कभी मत छोड़ो
प्रसंग- स्वामी विवेकानंद एक मेधावी छात्र थे। उनके सभी साथी स्वामी जी की पर्सनेलिटी के कायल थे। जब भी वह साथियों को कुछ सुनाते, सब बड़े ध्यान से उन्हें सुनते थे। एक दिन स्कूल की क्लास में वह साथियों को कहानी सुना रहे थे। तभी मास्टर जी क्लास में आ गए और किसी तो पता भी नहीं चला। मास्टर जी गुस्से में आ गए और स्टूडेंट्स से सवाल करने लगे। पूरी क्लास में सिर्फ विवेकानंद ने ही सवाल का सही उत्तर दिया। टीचर ने स्वामी जी को छोड़कर बाकी स्टूडेंट्स को बेंच पर खड़ा कर दिया। स्वामी जी जानते थे कि मेरे कारण ही साथियों को सजा मिल रही है। वह सही उत्तर देने के बाद भी बेंच पर खड़े हो गए। उन्होंने टीचर से कहा, ''मैं खुद ही अपने सभी साथियों को कहानी सुना रहा था। सजा मुझे भी मिलनी चाहिए।''
सीख- किसी भी स्थिति में सत्य का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। सत्य में वह ताकत है जिससे किसी का भी दिल जीता जा सकता है
 केवल लक्ष्य पर ध्यान लगाओ
प्रसंग- स्वामी विवेकानंद अमेरिका में एक पुल से गुजर रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि कुछ लड़के नदी में तैर रहे अंडे के छिलकों पर बन्दूक से निशाना लगा रहे थे। किसी भी लड़के का एक भी निशाना सही नहीं लग रहा था। स्वामी जी ने खुद बन्दूक संभाली और निशाना लगाने लगे। उन्होंने एक के बाद एक 12 सटीक निशाने लगाए। सभी लड़के दंग रह गए और उनसे पुछा- स्वामी जी, आप ये सब कैसे कर लेते हैं? इस पर स्वामी विवेकानंद ने कहा, ''जो भी काम करो अपना पूरा ध्यान उसी में लगाओ।''
सीख- जो काम करो, उसी में अपना पूरा ध्यान लगाओ। लक्ष्य बनाओ और उन्हें पाने के लिए प्रयास करो। सफलता हमेशा तुम्हारे कदम चूमेगी। 
 
मुसीबत से डर कर भागो मत, उसका सामना करो
प्रसंग- स्वामी विवेकनन्द एक बार बनारस में मां दुर्गा के मंदिर से लौट रहे थे, तभी बंदरों के एक झुंड ने उन्हें घेर लिया। बंदरों ने उनसे प्रसाद छिनने कोशिश की, स्वामी जी डर के मारे भागने लगे। इसके बाद भी बंदरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। तभी पास खड़े एक बुजुर्ग सन्यासी ने विवेकानंद से कहा- रुको! डरो मत, उनका सामना करो और देखो क्या होता है। संन्यासी की बात मानकर वह फौरन पलटे और बंदरों की तरफ बढ़ने लगे। इसके बाद सभी बंदर एक-एक कर वहां से भाग निकले।
सीख- इस घटना से स्वामी जी को एक गंभीर सीख मिली। अगर तुम किसी चीज से डर गए हो, तो उससे भागो मत, पलटो और सामना करो। 
हमेशा महिलाओं का सम्मान करें
प्रसंग- एक बार एक विदेशी महिला स्वामी विवेकानंद के पास आकर बोली- मैं आपसे शादी करना चाहती हूं। विवेकानंद बोले- मुझसे ही क्यों? क्या आप जानती नहीं कि मैं एक संन्यासी हूं? महिला ने कहा, ''मैं आपके जैसा गौरवशाली, सुशील और तेजस्वी बेटा चाहती हूं और यह तभी संभव होगा। जब आप मुझसे शादी करें।'' स्वामी जी ने महिला से कहा, ''हमारी शादी तो संभव नहीं है, लेकिन एक उपाय जरूर है। मैं ही आपका पुत्र बन जाता हूं। आज से आप मेरी मां बन जाओ। आपको मेरे जैसा ही एक बेटा मिल जाएगा।'' इतना सुनते ही महिला स्वामी जी के पैरों में गिर गई और मांफी मांगने लगी।
सीख- एक सच्चा पुरूष वह है जो हर महिला के लिए अपने अंदर मातृत्व की भावना पैदा कर सके और महिलाओं का सम्मान कर सके। 
मां से बढ़कर कोई नहीं
प्रसंग- मां की महिमा जानने के लिए एक आदमी स्वामी विवेकानंद के पास आया। इसके लिए स्वामी जी ने आदमी से कहा, ''5 किलो का एक पत्थर कपड़े में लपेटकर पेट पर बांध लो और 24 घंटे बाद मेरे पास आना, तुम्हारे हर सवाल का उत्तर दूंगा।'' दिनभर पत्थर बांधकर वह आदमी घूमता रहा, थक-हारकर स्वामी जी के पास पंहुचा और बोला- मैं इस पत्थर का बोझ ज्यादा देर तक सहन नहीं कर सकता हूं। स्वामी जी मुस्कुराते हुए बोले, ''पेट पर बंधे इस पत्थर का बोझ तुमसे सहन नहीं होता। एक मां अपने पेट में पलने वाले बच्चे को पूरे नौ महीने तक ढ़ोती है और घर का सारा काम भी करती है। दूसरी घटना में स्वामी जी शिकागो धर्म संसद से लौटे तो जहाज से उतरते ही रेत से लिपटकर रोने गले थे। वह भारत की धरती को अपनी मां समझते थे और लिपटकर खूब रोए थे।
सीख- संसार में मां के सिवा कोई इतना धैर्यवान और सहनशील नहीं है। इसलिए मां से बढ़ कर इस दुनिया में कोई और नहीं है।

Tuesday, 5 May 2015

नारद जयंती कल: भगवान विष्णु के परम भक्त हैं ये देवर्षि

हिंदू धर्म ग्रंथों के अनुसार ज्येष्ठ मास में नारद जयंती मनाई जाती है। इस बार नारद जयंती का पर्व 6 मई, बुधवार को है। शास्त्रों के अनुसार नारद मुनि, ब्रह्मा के सात मानस पुत्रों में से एक हैं। उन्होंने कठिन तपस्या से देवर्षि पद प्राप्त किया है। वे भगवान विष्णु के अनन्य भक्तों में से एक माने जाते हैं। देवर्षि नारद धर्म के प्रचार तथा लोक कल्याण के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहते हैं। शास्त्रों में देवर्षि नारद को भगवान का मन भी कहा गया है।
ग्रंथों में देवर्षि नारद को भगवान विष्णु का अवतार भी बताया गया है। श्रीमद्भागवत गीता के दशम अध्याय के 26वें श्लोक में स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने इनकी महत्ता को स्वीकार करते हुए कहा है- देवर्षीणाम्चनारद:। अर्थात देवर्षियों में मैं नारद हूं। महाभारत के सभा पर्व के पांचवें अध्याय में नारद जी के व्यक्तित्व का परिचय इस प्रकार दिया गया है- देवर्षि नारद वेद और उपनिषदों के मर्मज्ञ, देवताओं के पूज्य, इतिहास व पुराणों के विशेषज्ञ, पूर्व कल्पों (अतीत) की बातों को जानने वाले, शिक्षा, व्याकरण, आयुर्वेद, ज्योतिष के प्रकाण्ड विद्वान, संगीत-विशारद, प्रभावशाली वक्ता, मेधावी, नीतिज्ञ, कवि, महापंडि़त, बृहस्पति जैसे महा विद्वानों की शंकाओं का समाधान करने वाले और सर्वत्र गति वाले हैं। 18 महापुराणों में एक नारदोक्त पुराण; बृहन्नारदीय पुराण के नाम से प्रख्यात है।
नारद मुनि के श्राप के कारण भगवान विष्णु को सहना पड़ा स्त्री वियोग
देवर्षि नारद को एक बार इस बात का घमंड हो गया कि कामदेव भी उनकी तपस्या और ब्रह्मचर्य को भंग नहीं कर सके। नारदजी ने यह बात शिवजी को बताई। देवर्षि के शब्दों में अहंकार भर चुका था, वे स्वयं शिवजी के सामने अपने अभिमान को प्रदर्शित कर रहे थे। शिवजी यह समझ चुके थे कि नारद अभिमानी हो गए हैं। भोलेनाथ ने नारद से कहा कि भगवान श्रीहरि के समक्ष अपना अभिमान इस प्रकार प्रदर्शित मत करना। इसके बाद नारद भगवान विष्णु के समीप पहुंच गए और शिवजी के समझाने के बाद भी उन्होंने श्रीहरि के सामने अपना घमंड प्रदर्शित किया।
तब श्रीहरि ने सोचा कि नारद का घमंड तोडना होगा, यह शुभ लक्षण नहीं है। इसके बाद नारद विष्णुजी को प्रणाम कर आगे बढ़े गए। रास्ते में उन्हें एक बहुत ही सुंदर नगर दिखाई दिया, जहां किसी राजकुमारी के स्वयंवर का आयोजन किया जा रहा था। नारद भी वहां पहुंच गए और राजकुमारी को देखते ही मोहित हो गए। यह सब भगवान श्रीहरि की माया ही थी। राजकुमारी का रूप और सौंदर्य नारद के तप को भंग कर चुका था। इस कारण उन्होंने राजकुमारी के स्वयंवर में हिस्सा लेने का मन बनाया।
नारद भगवान विष्णु के पास गए और कहा कि आप अपना सुंदर रूप मुझे दे दीजिए, जिससे कि वह राजकुमारी स्वयंवर में मेरा ही वरण करे। भगवान ने ऐसा ही किया, लेकिन जब नारद मुनि स्वयंवर में गए तो उनका मुख वानर के समान हो गया। उस स्वयंवर में भगवान शिव के दो गण भी थे, वे यह सभी बातें जानते थे और ब्राह्मण का वेष बनाकर यह सब देख रहे थे। जब राजकुमारी अपने वर का चयन करने स्वयंवर में आई तो वानर के मुख वाले नारदजी को देखकर वह बहुत क्रोधित हुई। उसी समय भगवान विष्णु एक राजा का रूप धारण कर वहां आ गए।
सुंदर रूप देखकर राजकुमारी ने उनका वरण कर लिया। यह देखकर शिवजी के गण वानर के समान मुख वाले नारदजी की हंसी उड़ाने लगे और कहा कि पहले अपना मुख दर्पण में देखिए। जब नारदजी ने अपने चेहरा वानर के समान देखा तो वह बहुत क्रोधित हुए। नारद मुनि उसी समय उन शिवगणों को राक्षस योनी में जन्म लेने का श्राप दे दिया। शिवगणों को श्राप देने के बाद नारदजी भगवान विष्णु के पास गए और क्रोधित होकर उन्हें बहुत भला-बुरा कहने लगे। माया से मोहित होकर नारद मुनि ने श्रीहरि को श्राप दिया कि जिस तरह आज मैं स्त्री के लिए व्याकुल हो रहा हूं, उसी प्रकार मनुष्य जन्म लेकर आपको भी स्त्री वियोग सहना पड़ेगा।
उस समय वानर ही तुम्हारी सहायता करेंगे। भगवान विष्णु ने कहा- ऐसा ही हो और नारद मुनि को माया से मुक्त कर दिया। तब नारद मुनि को अपने कटु वचन और व्यवहार पर बहुत ग्लानि हुई और उन्होंने भगवान श्रीहरि से क्षमा मांगी। भगवान श्रीहरि ने कहा कि ये सब मेरी ही इच्छा से हुआ है अत: तुम शोक न करो। इस प्रकार नारद मुनि को ढाढ़स बंधा कर श्रीहरि वहां से चले गए। उसी समय वहां भगवान शिव के गण आए, जिन्हें नारद मुनि ने श्राप दिया था।
उन्होंने नारद मुनि ने क्षमा मांगी। तब नारद मुनि ने कहा कि तुम दोनों राक्षस योनी में जन्म लेकर सारे विश्व को जीत लोगे, तब भगवान विष्णु मनुष्य रूप में तुम्हारा वध करेंगे और तुम्हारा कल्याण होगा। नारद मुनि के इन्हीं श्रापों के कारण उन शिव गणों ने रावण व कुंभकर्ण के रूप में जन्म लिया और श्रीराम के रूप में अवतार लेकर भगवान विष्णु को स्त्री वियोग सहना पड़ा।
नारद मुनि ने ही बताया था कैसा होगा पार्वती का पति
सती के रूप में आत्मदाह करने के बाद माता शक्ति ने पर्वतराज हिमालय के यहां पार्वती के रूप में जन्म लिया। जब से पार्वती हिमाचल के घर में जन्मी, तब से उनके घर में सुख और सम्पतियां छा गई। पार्वती जी के आने से पर्वत शोभायमान हो गया। जब नारदजी ने ये सब समाचार सुने तो वे हिमाचल पहुंचे। वहां पहुंचकर वे हिमाचल से मिले और हंसकर बोले तुम्हारी कन्या गुणों की खान है। यह स्वभाव से ही सुन्दर, सुशील और शांत है। परंतु इसका पति गुणहीन, मानहीन, माता-पिता विहीन, उदासीन, लापरवाह, योगी, जटाधारी और सांपों को गले में धारण करने वाला होगा। यह बात सुनकर पार्वती के माता-पिता चिंतित हो गए। उन्होंने देवर्षि से इसका उपाय पूछा।
तब नारद जी बोले जो दोष मैंने बताए मेरे अनुमान से वे सभी शिव में है। अगर शिवजी के साथ विवाह हो जाए तो ये दोष गुण के समान ही हो जाएंगे। यदि तुम्हारी कन्या तप करे तो शिवजी ही इसकी किस्मत बदल सकते हैं। तब यह सुनकर पार्वतीजी की मां विचलित हो गई। उन्होंने पार्वती के पिता से कहा आप अनुकूल घर में ही अपनी पुत्री का विवाह कीजिएगा क्योंकि पार्वती मुझे प्राणों से अधिक प्रिय है। पार्वती को देखकर मैना का गला भर आया। पार्वती ने अपनी मां से कहा मां मुझे एक ब्राह्मण ने सपने में कहा है कि जो नारदजी ने कहा है तू उसे सत्य समझकर जाकर तप कर। यह तप तेरे लिए दुखों का नाश करने वाला है। उसके बाद माता-पिता को बड़ी खुशी से समझाकर पार्वती तप करने गई।

Monday, 4 May 2015

वैज्ञानिकों को मिला नया पक्षी, लोगों की नजरों से अभी तक था दूर

शोधकर्ताओं के एक अंतरराष्ट्रीय दल ने चीन में अलग तरह की आवाज वाले एक नए पक्षी की खोज की है। ‘सिचुआन बुश वार्बलर’ नामक इस नए पक्षी का अब तक घास और वनस्पतियों की वजह से पता नहीं चल पाया।
मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी की प्रफेसर और अनुसंधानकर्ता पामेला रासमुसेन ने कहा कि घनी झाड़ियों और चाय के बागानों में रहने की वजह से सिचुआन बुश वार्बलर इतने समय तक लोगों की नजरों में नहीं सका। पामेला ने कहा कि हालांकि यह पक्षी पकड़ में नहीं आने वाला, लेकिन यह मध्य चीन में आम तौर पर देखा जाता है।
इसके अस्तित्व पर किसी तरह का खतरा भी नहीं है। इस नए पक्षी का करीबी संबंधी रसेट बुश वार्बलर पक्षी है। इन दोनों वार्बलर को समान पहाड़ों पर देखा जा सकता है, जहां ये एक साथ रहते हैं। सिचुआन बुश वार्बलर कम ऊंचाई पर रहना पसंद करते हैं।
एक ही पहाड़ पर रहने के साथ ये दोनों आनुवांशिक रूप से भी करीबी हैं। इस खोज को ‘एवियन रिसर्च’ पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।

ये है दुनिया का सबसे बड़ा बौद्ध स्थल, 2000 साल पहले चलते थे जहाज

रायपुर राजधानी से 85 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सिरपुर में दुनिया का अब तक मिला सबसे बड़ा बौद्ध स्थल है। ईसा पूर्व छठवीं शताब्दी में चीनी यात्री व्हेनसांग सिरपुर आए थे। उन्होंने अपने यात्रा वृत्तांत में सिरपुर का वर्णन करते हुए लिखा है, 'दक्षिण कोसल की राजधानी में सौ संघाराम थे। वहां का राजा हिंदू था और उस राज्य में सभी धर्मों का समादर होता था।' यहां बंदरगाह भी मिले हैं जो हजारों साल पहले यहां जहाज चलने की बात को प्रमाणित करते हैं।
सिरपुर में अब तक 10 बौद्ध विहार और लगभग 10000 बौद्ध भिक्षुओं के अध्ययन के पुख्ता प्रमाण मिल चुके हैं। इसके अलावा यहां कई बौद्ध स्तूप और बौद्ध विद्वान नागार्जुन के यहां आने के प्रमाण मिले हैं। यह स्थल गया के बौद्ध स्थल से भी बड़ा है। चीनी यात्री व्हेनसांग के यात्रा वृत्तांत के आधार पर जब इस स्थान की खुदाई की गई तो वे सभी विशेषताएं पाई गईं जिनका उल्लेख व्हेनसांग ने किया है।
सिरपुर में भगवान बुद्ध के आने के भी प्रमाण मिले हैं, प्राचीन समय में सिरपुर एक अतिविकसित और समृद्ध राजधानी थी, यहां से विदेशों के साथ व्यापार किया जाता था। यहां सोने-चांदी के गहने बनाने के सांचे, अस्पताल, बंदरगाह आदि के अवशेष मिले हैं।
आधुनिक और विकसित राजधानी
व्हेनसांग ने अपने यात्रा वृत्तांत में एक व्यवस्थित और अतिविकसित राजधानी का जिक्र किया है जहां से विदेशों के साथ व्यापार किया जाता था। उन्होंने लिखा है कि यहां एक पोरबंदर भी था जहां से जहाज के माध्यम से सामान निर्यात किए जाते थे। महानदी पर नदी बंदरगाह के अवशेष मिले हैं, यहां से बंदर-ए-मुबारक नाम की सील भी मिली है। सिरपुर की खुदाई में धातु गलाने के उपकरण, सोने के गहने बनाने की डाई से लेकर तलघर में बने अन्नगार भी मिले हैं।
सिरपुर में ढाई हजार लोगों के लिए खाना बनाने के लिए राजा के द्वारा 100 कढ़ाई दान किए जाने के उल्लेख वाले शिलालेख भी मिले हैं। इसके अलावा सिरपुर में 10 दस बिस्तरों वाला आयुर्वेदिक अस्पताल मिला है जहां से शल्य क्रिया के औजार और धातु की छड़ लगी हुई हड्डी भी प्राप्त हुई है।
बुद्ध ने बिताया था चौमासा
सिरपुर में भगवान तथागत बुद्ध के आने के प्रमाण मिले हैं, बुद्ध ने यहां चौमासा बिताया था। उनके द्वारा गया से लाया गया वटवृक्ष आज भी सिरपुर में है।
उनके सिरपुर आने की याद को चिरस्थाई बनाने के लिए ईसा पूर्व तीसरी शताब्दी में सम्राट अशोक ने यहां बौद्ध स्तूप का निर्माण करवाया गया था। उस स्तूप के अधिष्ठान को बाद में ईसा पूर्व दूसरी शताब्दी में बड़ा किया गया है, इसके स्तूपों में यहां आने वाले बौद्ध भिक्षुओं के नाम लिखे हुए हैं।
 
10 बौद्ध विहार मिले हैं सिरपुर में
छत्तीसगढ़ के पुरातात्विक सलाहकार अरुण कुमार शर्मा ने खुदाई के दौरान व्हेनसांग के यात्राा वृतांत में वर्णित सभी चीजें पाई हैं। शर्मा के अनुसार नालंदा में चार बौद्ध विहार मिले हैं, जबकि सिरपुर में दस बौद्ध विहार पाए गए। इन विहारों में छह-छह फिट की बुद्ध की मूर्तियां मिली हैं। सिरपुर के बौद्ध विहार दो मंजिलें हैं जबकि नालंदा के विहार एक मंजिला ही हैं। यहां जातक कथाओं और पंचतंत्र की चित्रकथाओं का अंकन किया गया है। यहां बुद्ध के जीवन पर आधारित कई ऐसे चित्रों का अंकन है जिनके बारे अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
रावण के ससुर का वास्तु शास्त्र
सिरपुर में महानदी ईशान कोण में मुड़ती है। रावण के ससुर मयदानव एक वास्तुविद थे और उनके अनुसार जिस स्थान पर नदी ईशान कोण में मुड़ती है वहां ईश्वर का वास होता है। यही कारण है कि भारत के ज्यादातर धार्मिक तीर्थ ऐसे स्थानों पर बसे हैं। उदाहरण के लिए बनारस में गंगा नदी 18 डिग्री पर, अयोध्या में सरयू नदी पांच डिग्री पर मुडी है। सिरपुर में महानदी 21 डिग्री के ईशान कोण पर मुड़ती है।
सिरपुर की नगर संरचना एवं मंदिरों की बनावट मयामत (मय दानव) के वास्तुशास्त्र के अनुसार पाई गई है।
भूकंप और बाढ़ से तबाह हुआ था सिरपुर
पिछले दस सालों से सिरपुर की खुदाई में लगे अरुण शर्मा के अनुसार सिरपुर का पतन वहां आए भूकंप और बाढ़ के कारण हुआ था। सातवीं शताब्दी के पश्चात इस क्षेत्र में जबरदस्त भूकंप आया था जिसके कारण पूरा सिरपुर डोलने लगा था।
इसके साथ ही महानदी का पानी महीनों तक नगर में भरा रहा।उन्होंने कहा कि यही भूकंप और बाढ़ सिरपुर के विनाश का कारण बना।
बाढ़ और भूकंप के प्रमाण के रूप में सुरंग टीले के मंदिरों में सीढ़ियों के टेढ़े होने और मंदिरों व भवनों की दीवारों पर पानी के रूकने के साथ बाढ़ के महीन रेत युक्त मिट्टी दीवारों के एक निश्चित दूरी पर जमने के निशान मिलते हैं।
सभी धर्मों का समान आदर होता था
सिरपुर में बौद्ध विहारों के अलावा बड़ी संख्या में शिव मंदिर भी मिले हैं। इन शिव मंदिरों की विशेषता यह है कि इनको राजाओं के अलावा विभिन्न समाजों के द्वारा स्थापित किए गए है। विभिन्न समाजों द्वारा बनाए गए इन शिव मंदिरों में समाज के प्रतीक चिन्ह, मंदिरों की सीढियों पर खुदे हुए हैं।
व्हेनसांग ने अपने यात्रा वृत्तांत में एक ऐसी राजधानी का वर्णन किया है जहां सभी धर्मों का समान आदर किया जाता था।

Saturday, 2 May 2015

Pan Card नंबर में छुपा है आपका सरनेम, टैक्स डिपार्टमेंट नहीं बताता ये बात

पैन कार्ड एक ऐसा कार्ड है, जिस पर लिखे कोड में व्यक्ति की पूरी कुंडली छुपी होती है। लेकिन, क्या कभी आपने ये सोचा है कि आखिर परमानेंट अकाउंट नंबर, यानी पैन नंबर में ऐसा क्या छिपा है, जो आपके और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के लिए जरूरी है। चलिए हम आपको पैन कार्ड और पैन नंबर से जुड़ी पूरी जानकारी देंगे। हम यह भी बताएंगे कि पैन कार्ड पर मौजूद नंबर का क्या मतलब होता है।
पैन कार्ड पर कार्डधारक का नाम और डेट ऑफ बर्थ लिखी होती है, लेकिन पैन कार्ड के नंबर में आपका सरनेम भी होता है। पैन कार्ड की पांचवी डिजिट आपके सरनेम को दर्शाती है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट कार्डधारक के सरनेम को ही मानता है। इसलिए नंबर में भी उसकी जानकारी होती है। लेकिन, टैक्स डिपार्टमेंट ये बात कार्डधारक को नहीं बताता कि उसकी पूरी कुंडली इन नंबरों में छिपी है।
आइए जानते हैं पैन कार्ड में दिए गए हर नंबर का क्या होता है मतलब-
पैन कार्ड नंबर एक 10 डिजिट का खास नंबर होता है, जो लेमिनेटेड कार्ड के रूप में आता है। इसे इनकम टैक्स डिपार्टमेंट उन लोगों को इश्यू करते हैं, जो पैन कार्ड के लिए अर्जी देते हैं। पैन कार्ड बन जाने के बाद उस व्यक्ति के सारे फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन डिपार्टमेंट के पैन कार्ड से लिंक हो जाते हैं। इनमें टैक्स पेमेंट, क्रेडिट कार्ड जैसे कई फाइनेंशियल लेन-देन डिपार्टमेंट की निगरानी में रहते हैं।
इस नंबर के पहले तीन डिजिट अंग्रेजी के लेटर्स होते हैं। यह AAA से लेकर ZZZ तक कोई भी लेटर हो सकता है। ताजा चल रही सीरीज के हिसाब से यह तय किया जाता है। यह नंबर डिपार्टमेंट अपने हिसाब से तय करता है।
पैन कार्ड नंबर का चौथा डिजिट भी अंग्रेजी का ही एक लेटर होता है। यह पैन कार्डधारी का स्टेटस बताता है। इसमें-
ये हो सकती है चौथी डिजिट...
P- एकल व्यक्ति
F- फर्म
C- कंपनी
A- AOP ( एसोसिएशन ऑफ पर्सन)
T- ट्रस्ट
H- HUF (हिन्दू अनडिवाइडिड फैमिली)
B-BOI (बॉडी ऑफ इंडिविजुअल)
L- लोकल
J- आर्टिफिशियल जुडिशियल पर्सन
G- गवर्नमेंट के लिए होता है।
सरनेम के पहले अक्षर से बना पांचवा डिजिट
पैन कार्ड नंबर का पांचवा डिजिट भी ऐसा ही एक अंग्रेजी का लेटर होता है। यह डिजिट पैन कार्डधारक के सरनेम का पहला अक्षर होता है। यह सिर्फ धारक पर निर्भर करता है। गौरतलब है कि इसमें सिर्फ धारक का लास्ट नेम ही देखा जाता है।
इसके बाद पैन कार्ड में 4 नंबर होते हैं। यह नंबर 0001 से लेकर 9999 तक, कोई भी हो सकते हैं। आपके पैन कार्ड के ये नंबर उस सीरीज को दर्शाते हैं, जो मौजूदा समय में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में चल रही होती है। इसका आखिरी डिजिट एक अल्फाबेट चेक डिजिट होता है, जो कोई भी लेटर हो सकता है।
कहां-कहां है पैन कार्ड जरूरी
पैन कार्ड की मदद से आपको विभिन्न वित्तीय लेन-देन में आसानी होती है। इसकी मदद से आप बैंक खाता और डीमैट खाता खोल सकते हैं। इसके अलावा प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त के लिए भी यह जरूरी होता है। दरअसल, पैन कार्ड टैक्सेबल सैलरी या प्रोफेशनल फी हासिल करने के लिए भी आवश्यक है। यह इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने के लिए भी जरूरी है।
चूंकि पैन कार्ड पर नाम और फोटोग्राफ होता है, ऐसे में यह आइडेंटिटी प्रूफ के तौर पर काम करता है। भले ही आपका पता बदलता रहे, लेकिन पैन नंबर नहीं बदलता।
ऊंची दर पर टैक्स डिडक्शन से बचने के लिए पैन कार्ड जरूरी है। दरअसल, जब आप 50 हजार रुपए से अधिक राशि की एफडी शुरू करते हैं, तो पैन कार्ड की फोटोकॉपी देनी होती है। पैन के अभाव में ऊंची दर पर आपका टीडीएस काट लिया जाएगा।
इन परिस्थितियों में भी है पैन कार्ड आवश्यक
> दो पहिया के अलावा किसी अन्य वाहन की खरीद-बिक्री
> किसी होटल या रेस्तरां में एक बार में 25 हजार रुपए से अधिक की अदायगी
> शेयरों की खरीदारी के लिए किसी कंपनी को 50 हजार रुपए या इससे अधिक की अदायगी
> बुलियन या ज्वलैरी की खरीदारी के लिए पांच लाख रुपए से अधिक की अदायगी
> पांच लाख रुपए या इससे अधिक कीमत की अचल संपत्ति की खरीद-बिक्री
> बैंक में 50 हजार रुपए से अधिक जमा
> विदेश यात्रा के संबंध में 25 हजार रुपए से अधिक की अदायगी
> बॉन्ड खरीदने के लिए आरबीआई को 50 हजार रुपए या इससे अधिक की अदायगी
> बॉन्ड या डिबेंचर खरीदने के लिए किसी कंपनी या संस्था को 50 हजार रुपए या इससे अधिक की अदायगी
> म्यूचुअल फंड की खरीदारी
क्या करें जब पैन कार्ड गुम हो जाए

पैन कार्ड आज किसी भी वित्तीय लेन-देन का अहम हिस्सा है। इसके अलावा यह किसी व्यक्ति के पहचान पत्र के तौर पर भी काम करता है। ऐसे में यदि किसी का पैन कार्ड गायब हो जाए, तो उसका परेशान होना लाजमी है। लेकिन उसे परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, क्योंकि पैन कार्ड फिर से बनवाना काफी आसान है। इसके आसान से 4 स्टेप्स हैं।
स्टेप वन
इनकम टैक्स पैन सर्विसेज यूनिट की वेबसाइट पर जाएं। यहां आपको कई विकल्प दिखाई देंगे। इनमें से आप ‘रीप्रिंट ऑफ पैन कॉर्ड’ का विकल्प अपनाना चाहिए। यह उन लोगों के लिए होता है जिन्हें पहले से परमानेंट एकाउंट नंबर (पैन) एलॉट किया जा चुका है, लेकिन उन्हें फिर से पैन कार्ड की जरूरत होती है। इस विकल्प को अपनाने के बाद उस आवेदक को एक नया पैन कार्ड जारी किया जाता है, जिस पर वही नंबर होता है।
स्टेप टू
आपको इस फॉर्म के सभी कॉलम भरने होंगे, लेकिन बायें मार्जिन के बॉक्स में किसी पर भी सही का निशान नहीं लगाना है। उसके बाद आपको 105 रुपए का पेमेंट करना होगा। आप चाहें तो क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग, डिमांड ड्राफ्ट या चेक के जरिए यह भुगतान कर सकते हैं। यह सारी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आप जब यह फॉर्म जमा करेंगे, तो आपके सामने एकनॉलेजमेंट रिसीट आएगा।
स्टेप थ्री
आप इस रिसीट का प्रिंट निकालें। इस पर 2.5 सेमी गुणे 3.5 सेमी आकार का रंगीन फोटोग्राफ चिपकाएं। अपने हस्ताक्षर करें। अगर आप डिमांड ड्राफ्ट या चेक के जरिए भुगतान किया है, तो उसकी प्रति साथ में लगाएं। फिर इसे आईडी प्रूफ, एड्रेस प्रूफ और डेट ऑफ बर्थ के प्रूफ के साथ एनएसडीएल के पुणे स्थित कार्यालय में भेज देना चाहिए।
स्टेप फोर
ऑनलाइन आवेदन के 15 दिनों के भीतर एनएसडीएल के कार्यालय में पहुंच जाना चाहिए। इसके 15 दिनों के भीतर आपको अपना डुप्लीकेट पैन कार्ड मिल जाएगा। आप चाहें तो अपने पैन कार्ड की स्थिति जान सकते हैं। इसके लिए आप NSDLPAN टाइप करें, स्पेस छोड़ कर प्राप्ति सूचना नंबर डालें और उसे 57575 पर भेज दें।

Friday, 1 May 2015

B'day: 27 साल की हुईं अनुष्का शर्मा, बचपन में कुछ ऐसी आती थीं नजर

बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा 27 साल की हो गई हैं। 1 मई 1988 को उनका जन्म अयोध्या, उत्तर प्रदेश में हुआ था। उनके पिता कर्नल अजय कुमार शर्मा एक आर्मी ऑफिसर हैं और मां आशिमा शर्मा होम मेकर। माता-पिता के अलावा अनुष्का के घर में उनका बड़ा भाई भी है, जिसका नाम है कारनेश। अनुष्का ने आर्मी स्कूल से अपनी स्कूलिंग की है और माउंट कारमेल कॉलेज, बेंगलुरु से उन्होंने ग्रेजुएशन किया। बता दें कि अनुष्का का परिवार इन दिनों बेंगलुरु में ही रहता है।
पढ़ाई पूरी करने के बाद अनुष्का मुंबई आ गईं और मॉडलिंग की दुनिया में हाथ पैर मारने लगीं। साल 2007 में उन्हें मॉडलिंग में पहला ब्रेक मिला। इस समय उन्होंने लेक्मे फैशन वीक के दौरान वेंडेल रोड्रिक्स के लिए मॉडलिंग की थी। साल 2008 में उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री ली। आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी 'रब ने बना दी जोड़ी' उनकी पहली फिल्म थी, जिसमें शाहरुख खान उनके को-स्टार थे। फिल्म सुपरहिट साबित हुई और अनुष्का का करियर चल निकला।
आज वे बॉलीवुड की मोस्ट डिमांडिंग एक्ट्रेसेस में से एक हैं। उन्होंने 'बैंड बाजा बरात' (2010), 'जब तक है जान' (2012) और 'पीके' (2014) जैसी करीब 9 फिल्मों में काम कर चुकी हैं। इसी साल सुपरहिट फिल्म 'एनएच10' से बतौर निर्माता भी उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री कर ली है। उनके अभिनय से सजी फिल्में 'बॉम्बे वेलवेट' और 'दिल धड़कने दो' भी इस साल रिलीज होने जा रही हैं।